हरिद्वार।
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने दावा किया कि 102 लोकसभा सीटों पर हुए मतदान में भाजपा को सबसे ज्यादा वोट मिले हैं। उन्होंने गेहूं कटाई और गर्मी को कम मतदान प्रतिशत की वजह बताया और कहा कि कम मतदान होने के बावजूद सबसे ज्यादा वोट भाजपा को ही मिले हैं। बता दें कि अजय भट्ट देर शाम हरिद्वार के चेतन ज्योति आश्रम पहुंचे थे जहां उन्होंने मंदिर में की पूजा अर्चना की और फिर भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
इस दौरान अजय भट्ट ने कहा कि गेहूं कटाई और भीषण गर्मी की वजह से देश में मतदान प्रतिशत कम हुआ है। लेकिन कम मतदान में भी जनता ने भाजपा को ही वोट दिया है। इसके साथ ही उन्होंने 102 लोकसभा सीटों पर हुए मतदान में भाजपा को सबसे ज्यादा सीटें मिलने का दावा भी किया।
