हरिद्वार।
ज्वालापुर में छात्र पर जानलेवा हमला करने और दिनदहाड़े फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले बदमाशों को पुलिस ने धर दबोचा है। शनिवार देर रात पुलिस की बदमाशों से बहादराबाद नहर पटरी पर मुठभेड़ हो गई। चेकिंग के दौरान जैसे ही पुलिस ने ब्लैक स्कॉर्पियो सवार बदमाशों को रुकने का इशारा किया तो कार सवार युवकों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, और भागने की कोशिश करने लगे। जिस पर पुलिस ने गाड़ी की घेराबंदी की और जवाबी फायरिंग में एक युवक को गोली लग गई। पुलिस ने घायल बदमाश समेत दो को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि 5 फरार होने में कामयाब रहे, पुलिस फरार बदमाशों की खोजबीन में जुटी हुई है। घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
छात्र पर किया था जानलेवा हमला
शनिवार को ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र स्थित सराय मंडी चौक के पास ब्लैक स्कॉर्पियो सवार कुछ युवकों ने गुरुकुल कांगड़ी यूनिवर्सिटी के एक छात्र पर जानलेवा हमला कर दिया और फायरिंग करते हुए फरार हो गए। घटना के बाद से पुलिस लगातार इन हमलावरों की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस की पकड़ में आए दो बदमाशों में से एक दिल्ली और एक मेरठ का रहने वाला है। छात्र पर हमला करने का कारण रोड रेज से जुड़ा झगड़ा बताया जा रहा है। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश भी जारी है।
