हल्द्वानी/देहरादून
हल्द्वानी में अवैध मजार हटाने पहुंची प्रशासन की टीम पर कुछ दंगाइयों ने पथराव कर दिया। पथराव और दंगे में दर्जनों पुलिसकर्मी घायल हुए हैं और हल्द्वानी में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। देर शाम मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाई लेवल मीटिंग लेकर अधिकारियों को दंगाइयों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद हल्द्वानी में कर्फ्यू लगा दिया गया है। साथ ही दंगाइयों को देखते ही गोली मार देने के निर्देश दिए गए हैं।

वनभूलपुरा में अवैध मजार हटाने गई थी टीम

घटना बृहस्पतिवार शाम 4 बजे की है। जब नगर निगम और प्रशासन के अधिकारी पुलिस फोर्स के साथ हल्द्वानी के वन भूलपुरा स्थित मलिक के बगीचे में बनी हुई अवैध मजार को हटाने पहुंचे थे। इस दौरान स्थानीय लोग मजार हटाने का विरोध कर रहे थे। देखते ही देखते मौके पर जमा हुई भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया। पुलिस ने भी भीड़ को तितर बितर करने के लिए लाठियां फटकारी और हवाई फायरिंग की।

मुख्यमंत्री ने दिए सख्ती से निपटने के निर्देश

न्यूज़ एजेंसी ANI को बयान जारी करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कोर्ट के आदेशों के तहत प्रशासन की टीम अवैध अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। जिसके विरोध में वहां दंगा भड़का है। सभी दंगाइयों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त फोर्स तैनात किया गया है। साथ ही मुख्यमंत्री ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *