हरिद्वार।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते प्रभाव और भविष्य में मानव जीवन पर इसके असर को लेकर छात्रों की सोच और कल्पनाओं को मंच देने के उद्देश्य से गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में ‘ह्यूमन वर्सेस एआई’ विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। विश्वविद्यालय के मैनेजमेंट स्टडीज विभाग की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न कॉलेजों के 100 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपने हस्तनिर्मित पोस्टरों के माध्यम से मानव और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के बीच बदलते संबंधों को रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया। पोस्टरों में रोजगार का भविष्य, तकनीक का बढ़ता प्रभाव, एआई की संभावनाएं और मानव-एआई के बीच सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषय देखने को मिले।
विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर प्रतिभा मेहता लूथरा ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में एआई का सकारात्मक और प्रभावी उपयोग कार्यक्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीक के साथ कदमताल करने और उसके बेहतर उपयोग के लिए प्रेरित किया।
वहीं, मैनेजमेंट स्टडीज विभाग के विभागाध्यक्ष वी.के. सिंह ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक सोच व्यक्त करने के साथ ही तकनीक के बदलते स्वरूप और उसके प्रभावों को समझने का अवसर मिलता है।
प्रतियोगिता में शामिल हुए छात्रा कहना है कि एआई इंसानों के लिए खतरा नहीं, बल्कि काम को आसान बनाने का माध्यम है। हालांकि, तकनीक पर पूरी तरह निर्भर होने के बजाय मानवीय सोच, रचनात्मकता और निर्णय लेने की क्षमता को बनाए रखना भी जरूरी है।
