देहरादून।
सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के रिश्वत खाने का मुहावरा आपने कई बार सुना होगा, हालांकि लिटरली रिश्वत खाते हुए किसी को नहीं देखा होगा। लेकिन देहरादून जिले के कालसी में एक पटवारी ने ये गजब कारनामा कर दिखाया है। विजिलेंस ने पटवारी को 2 हज़ार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा तो पटवारी ने सबूत मिटाने के लिए रिश्वत में मिले 500-500 के चार नोट निगल लिए।
विजिलेंस के निर्देशक वी मुरुगेशन ने जानकारी दी की एक शिकायतकर्ता के द्वारा मूल निवास प्रमाण पत्र और जाति प्रमाण पत्र बनाने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया गया था पर आवेदन निरस्त कर दिया गया। उसने कालसी तहसील के कोटी डिमोऊ में तैनात पटवारी गुलशन हैदर से फोन पर संपर्क किया। जिस पर पटवारी ने उससे रिश्वत मांगी और पैसे लेकर तहसील में बुलाया। जिसकी शिकायतकर्ता ने विजिलेंस से शिकायत की थी। सोमवार को विजिलेंस ने पटवारी गुलशन हैदर को पकड़ने के लिए जाल बिछाया और आरोपी पटवारी को 2 हज़ार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
जिस पर पटवारी ने खुद को फंसता देख रिश्वत मिले पंच 500-500 के चारों नोट मुंह में डालकर चबाना शुरु कर दिया और देखते ही देखते नोट खा गया। आनन फानन में विजिलेंस की टीम आरोपी पटवारी को उप जिला अस्पताल लेकर पहुंची जहां अल्ट्रासाउंड की जांच कराई गई। हालांकि इस जांच में आरोपी की पेट में नोट नजर नहीं आए। अब पटवारी की एंडोस्कोपी करने की तैयारी की जा रही है। विजिलेंस ने आरोपी गुलशन हैदर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
