हरिद्वार।
कनखल थाना क्षेत्र में एटीएम मशीन काटकर लूटने का प्रयास कर रहे दो लुटेरों को पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ लिया है। सोमवार देर रात जगजीतपुर क्षेत्र में पीएनबी के एक एटीएम में गैस कटर लेकर घुसे बदमाशों को पुलिस ने गश्त के दौरान पकड़ लिया। पकड़े गए दोनों युवक कार्तिक और धीरज हरियाणा के रहने वाले हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गैस कटर, लोहे की रोड, सिलेंडर और अन्य उपकरणों के साथ रंगे हाथ पकड़ा है। दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश कर दिया गया है। आरोपी युवक जिस समय एटीएम मशीन को लूटने का प्रयास कर रहे थे उस वक्त मशीन में 25 लाख रुपए कैश मौजूद था।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने कनखल थाने में मामले का खुलासा करते हुए विस्तृत जानकारी दी। एसएसपी ने कहा कि आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच की जा रही है। अगर लूट कांड की कोशिश में उनके साथ कोई अन्य व्यक्ति ही शामिल होगा तो उसको भी गिरफ्तार किया जाएगा।
