लालढांग में मुफ्त स्वास्थ्य शिविर आयोजित, सैकड़ो ग्रामीणों की हुई जांच और बांटे हेल्थ सप्लीमेंट
ब्यूरो
Posted no : 20/08/2026
हरिद्वार।
हरिद्वार जिले के बहादराबाद ब्लॉक स्थित लालढांग में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) और बिस्नौली सर्वोदय ग्रामोद्योग सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय निःशुल्क जन आरोग्यम स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 270 से अधिक ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई और उन्हें मुफ्त दवाइयां व न्यूट्रिशन सप्लीमेंट वितरित किए गए। शिविर में मुख्य रूप से एनीमिया, शुगर और ब्लड प्रेशर का परीक्षण हुआ।
स्थानीय निवासियों ने इस पहल का स्वागत किया। ग्रामीण लाभार्थी साजिद और जीनत ने बताया कि दूरदराज का क्षेत्र होने के कारण यहाँ स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव रहता है। ऐसे शिविरों से आर्थिक रूप से कमजोर ग्रामीणों को घर के पास ही जांच और इलाज की सुविधा मिल जाती है। क्षेत्रवासियों ने आयोजकों से भविष्य में भी ऐसे शिविर लगाने की मांग की है।
क्या बोले अधिकारी
“एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया अपने सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR फंड) के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। देश के दूरदराज और ग्रामीण इलाकों में बुनियादी स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सीमित होती है। इसीलिए AAI समय-समय पर ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन करता है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को समय पर जांच और मुफ्त इलाज मिल सके।”
प्रदीप कुमार (उप महाप्रबंधक संचार, AAI) व शैलेन्द्र जनपांगी (एसिस्टेंट मैनेजर HR, AAI)
“बिस्नौली सर्वोदय ग्रामोद्योग सेवा संस्थान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना है। लालढांग जैसे इलाकों में लोग अक्सर शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज कर देते हैं। इस शिविर के जरिए हमने एनीमिया, शुगर और बीपी जैसी बीमारियों की शुरुआती पहचान की है और मरीजों को जरूरी दवाएं उपलब्ध कराई हैं।”
अनूप कुमार (कॉर्डिनेटर, हेल्थ कैंप कार्यक्रम)
ग्रामीण साजिद, जीनत और रुखसाना के मुताबिक..
“हमारे इलाके में अच्छे अस्पताल या जांच केंद्र पास में नहीं हैं। छोटी सी जांच के लिए भी शहर जाना पड़ता है, जिसमें समय और पैसा दोनों खर्च होते हैं। गांव में ही बड़े डॉक्टरों की टीम आने और मुफ्त दवाइयां मिलने से हमें बहुत राहत मिली है।”
जानिए संस्था के बारे में
बिसनौली सर्वोदय ग्रामोद्योग सेवा संस्थान (BSGSS) उत्तर प्रदेश में स्थापित एक NGO है, जो ग्रामीण विकास और स्वावलंबन के सिद्धांतों पर काम करता है। यह संस्था मुख्य रूप से महिलाओं, बच्चों और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के लिए समर्पित है। इसके साथ ही, संस्था ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन करती है, स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से वित्त सहायता प्रदान करती है और बच्चों के लिए बुनियादी शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने के कामों में संलग्न है।
