एचआरडीए की 86वीं बोर्ड बैठक, वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को मिली मंजूरी
ब्यूरो
Posted no : 25/09/2026
हरिद्वार।
हरिद्वार-रूड़की विकास प्राधिकरण की 86वीं बोर्ड बैठक गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक के दौरान प्राधिकरण द्वारा प्रस्तुत विभिन्न प्रस्तावों की गहन समीक्षा की गई। इस दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तुत बजट पर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए बोर्ड द्वारा सर्वसम्मति से बजट का अनुमोदन प्रदान कर दिया गया।
बैठक में प्राधिकरण की आवासीय और व्यावसायिक योजनाओं के तहत रिक्त पड़े भवनों के शीघ्र विक्रय को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए और अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। इसके अलावा, आम जनता को मानचित्र स्वीकृति में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों और लंबित प्रकरणों पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया, जिसके बाद मानचित्र निस्तारण की प्रक्रिया को सुगम बनाने हेतु आवश्यक निर्देश जारी किए गए।
बोर्ड बैठक के बाद मंडल आयुक्त ने प्राधिकरण की वर्तमान में संचालित विकास योजनाओं तथा भावी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी जारी और आगामी विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के कड़े निर्देश दिए। इस मौके पर एचआरडीए की उपाध्यक्ष सोनिका, हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, नगर आयुक्त नंदन कुमार, शिवालिकनगर नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा सहित अन्य विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक का संचालन प्राधिकरण के सचिव प्रत्यूष सिंह द्वारा किया गया।
