हरिद्वार।
कांवड़ मेला समाप्त होने के बाद शहर को स्वच्छ बनाने के लिए नगर निगम के अलावा दूसरे विभाग भी सफाई अभियान के लिए आगे आ रहे हैं। हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण के वीसी अंशुल सिंह के निर्देश पर एचआरडीए के पूरे स्टाफ ने कांवड़ पटरी और दूसरे स्थान पर सफाई अभियान चलाया। वीसी अंशुल सिंह के नेतृत्व में एचआरडीए के अधिकारी और कर्मचारी सुबह सफाई में जुट गए। टीम ने शंकराचार्य चौक से गुरुकुल कांगड़ी यूनिवर्सिटी तक कांवड़ पटरी पर सफाई अभियान चलाया। इसके बाद ओम घाट और रोड़ी बेल वाला क्षेत्र में भी एचआरडीए की टीम ने घंटों पसीने बहाकर सफाई अभियान चलाया और इन क्षेत्रों स्वच्छ बनाया।
स्वच्छता के लिए जनभागीदारी जरूरी
प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अंशुल सिंह ने कहा कि कांवड़ मेला खत्म होने के बाद नगर निगम अभियान के तहत गंगा घाटों को साफ कर रहा है हालांकि अन्य विभागों और दूसरी संस्थाओं को भी इसे अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सफाई में जुटना चाहिए। उन्होंने कहा कि जन भागीदारी से ही हरिद्वार को कांवड़ मेला समाप्त होने के बाद एकत्रित हुए कूड़े कचरे से जल्द मुक्त कराया जा सकता है।
