पांचों नए मंत्रियों को सीएम ने बांटे विभाग, पुराने मंत्रियों की जिम्मेदारी में भी फेरबदल
ब्यूरो
Posted no : 22/03/2026
देहरादून।
उत्तराखंड में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद मुख्यमंत्री ने मंत्रियों में विभागों का बंटवारा कर दिया है। सरकार ने ना केवल पांच नए मंत्रियों को महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी सौंपी है, बल्कि तीन पुराने मंत्रियों के पोर्टफोलियो में भी बड़ा बदलाव कर शासन की नई दिशा तय की है।
नए मंत्रियों का पोर्टफोलियो
मुख्यमंत्री ने अपनी टीम में शामिल पांच नए चेहरों को जमीन से जुड़े और तकनीकी विभागों की कमान दी है:
मदन कौशिक: इन्हें पंचायती राज, आपदा प्रबंधन, आयुष और जनगणना जैसे महत्वपूर्ण विभाग दिए गए हैं।
खजान दास: समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण और भाषा विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे।
भरत सिंह चौधरी: इन्हें ग्राम्य विकास और सूक्ष्म-लघु मध्यम उद्यम (MSME) का जिम्मा मिला है।
प्रदीप बत्रा: परिवहन और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) सहित विज्ञान एवं जैव प्रौद्योगिकी विभाग देखेंगे।
राम सिंह कैंडा: शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण और जलागम प्रबंधन की कमान संभालेंगे।
पुराने मंत्रियों के विभागों में फेरबदल
फेरबदल में सबसे चौंकाने वाला निर्णय मंत्री सुबोध उनियाल को लेकर रहा, जिनका कद बढ़ाते हुए उन्हें अब स्वास्थ्य विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, धन सिंह रावत से स्वास्थ्य विभाग वापस ले लिया गया है। कैबिनेट के अन्य भारी-भरकम विभागों में भी कटौती की गई है। दिग्गज मंत्री सतपाल महाराज से पंचायती राज विभाग लेकर मदन कौशिक को दिया गया है, जबकि गणेश जोशी से ग्राम्य विकास विभाग वापस लेकर भरत सिंह चौधरी को सौंपा गया है। मुख्यमंत्री के इस कदम को आगामी चुनावों और प्रशासनिक कार्यकुशलता को बढ़ाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
