GST चोरी में बड़ा एक्शन, 4 बड़ी फर्मों पर हुई रेड, 9.72 करोड़ की गड़बड़ी मिली
ब्यूरो
Posted no : 25/03/2026
देहरादून/हरिद्वार
उत्तराखंड राज्य कर विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा (SIB) ने जीएसटी चोरी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने चमोली और रुद्रप्रयाग क्षेत्र में ठेकदारी का काम करने वाली 4 बड़ी फर्मों के ठिकानों पर छापेमारी की, जिसमें लगभग ₹9.72 करोड़ की टैक्स चोरी और फर्जी आईटीसी (ITC) का मामला सामने आया है। दस्तावेजों के आधार पर आईटीसी का मिलान करने पर आरोपी फर्मों से 1.27 करोड़ रुपए मौके पर ही जमा कराए गए हैं।
AI की मदद से पकड़ी गई चोरी
विभाग के अनुसार, ये कार्रवाई राज्य कर आयुक्त सोनिका के निर्देशों पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। दिलचस्प बात ये है कि इस चोरी को पकड़ने में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का सहारा लिया गया। जीएसटी पोर्टल पर उपलब्ध डेटा और इन फर्मों द्वारा क्लेम किए गए इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का एआई तकनीक से विश्लेषण करने पर भारी विसंगतियां पाई गईं।
आगे की क्या है कार्रवाई
जांच टीमों ने संबंधित फर्मों के व्यापारिक स्थलों से महत्वपूर्ण दस्तावेज और रिकॉर्ड जब्त कर लिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेजों की विस्तृत जांच अभी जारी है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार टैक्स, ब्याज और अर्थदंड (पेनल्टी) की अंतिम वसूली की जाएगी। इस कार्रवाई से टैक्स चोरी करने वाले अन्य व्यापारियों और फर्मों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि तकनीक के माध्यम से कर चोरी रोकने का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
