हरिद्वार।
यूपी के सीतापुर के एक वीडियो को हरिद्वार का बताकर वायरल करने वाले बाज नहीं आ रहे हैं, ऐसे लोगों पर कार्रवाई करने के लिए एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देश पर हरिद्वार नगर कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। भ्रामक वीडियो शेयर करने वाले लोगों को चिन्हित कर उन पर कार्रवाई की जाएगी।
यूपी के सीतापुर का है वीडियो
दरअसल यूपी के सीतापुर का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक आश्रम में एक युवक द्वारा छात्र की बेरहमी से पिटाई की जा रही है। वीडियो करीब 2 महीने पुराना है। जिस पर यूपी पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा चुकी है। लेकिन अब इस वीडियो को हरिद्वार के किसी आश्रम का बता कर सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है। बीते दिनों हरिद्वार के एसएसपी ने ऐसा करने वालों के लिए चेतावनी भी जारी की थी।
