हरिद्वार।
सोशल मीडिया पर फॉलोइंग का फितूर इन दिनों लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है। लाइक, कमेंट और फॉलोइंग बटोरने के लिए कुछ लोग किसी भी हद तक जाने से गुरेज नहीं कर रहे हैं। हरिद्वार में एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें एक युवक कनखल क्षेत्र में गंग नहर के किनारे बियर की बोतलें रखकर लोगों से फॉलो करने की अपील कर रहा है।
अंकुर नाम के इस इंस्टाग्राम प्रोफाइल में कई ऐसी वीडियो हैं, जिनमे यह युवक किसी भी स्थान पर बियर की बोतलें रख देता है और अपने फॉलोवर्स से उसे उठाने की एवज में फॉलो करने को कहता है।
कनखल में गंग नहर किनारे बांट रहा बियर
शराब प्रतिबंधित क्षेत्र में बियर बांटने का वीडियो सामने आने पर तीर्थ पुरोहितों ने इस पर आपत्ति जताई है। तीर्थ पुरोहित उज्ज्वल पंडित का कहना है कि हरिद्वार की छवि देशभर में धर्मनगरी की है। लोग दूर दूर से यहां अपनी आस्था लेकर आते हैं। ऐसी हरकतों से धर्मनगरी की मर्यादा भंग हो रही है। इसलिए ऐसे लोगों पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक का कहना है की सोशल मीडिया पर रील बनाने और फॉलोइंग बढ़ाने के लिए धर्मनगरी की गरिमा को ठेस पहुंचाना ठीक नहीं है। पुलिस को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
वहीं वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई है। एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार का कहना है कि वीडियो के आधार पर युवक को चिन्हित करने की कोशिश की जा रही है। आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जायेगी।
