नई दिल्ली।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भेंट की। मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड के समग्र विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, सड़क एवं रेल कनेक्टिविटी, पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं के संबंध में प्रधानमंत्री से सहयोग एवं मार्गदर्शन का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों एवं सीमित वित्तीय संसाधनों को देखते हुए केंद्र सरकार का निरंतर सहयोग प्रदेश के विकास को नई गति प्रदान कर रहा है। उन्होंने राज्य के हित में विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार द्वारा दिए जा रहे सहयोग के लिए प्रधानमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।

उन्होंने भेंट के दौरान प्रधानमंत्री को देवभूमि उत्तराखण्ड की समृद्ध लोककला, पारंपरिक विरासत एवं स्थानीय उत्पादों की विशिष्ट पहचान से जुड़े उपहार भेंट किए। उन्होंने मलारी की पारंपरिक हस्तनिर्मित कोट की पट्टी, दोरखा (पारंपरिक ऊनी वस्त्र), उत्तराखण्ड का शुद्ध शहद, बदरी घी, हर्षिल का राजमा एवं लाल चावल भेंट किए। इसके साथ ही हरिद्वार कुंभ-2027 की भव्यता एवं आध्यात्मिक महत्ता को प्रदर्शित करती माँ गंगा की प्रतिकृति भी भेंट की।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से राज्य से संबंधित विभिन्न विषयों पर स्वीकृति के लिए अनुरोध किया। उन्होंने उत्तराखण्ड जैसे पर्वतीय एवं सीमित वित्तीय संसाधनों वाले राज्य को EAP Capping से छूट प्रदान करने और चिन्यालीसौड़ एयरस्ट्रिप के विस्तार, आधुनिकीकरण एवं सिविल-मिलिट्री उपयोग के लिए वित्तीय एवं तकनीकी सहयोग का अनुरोध किया।

उन्होंने प्रधानमंत्री से कुमाऊं क्षेत्र की कनेक्टिविटी एवं पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली से हल्द्वानी तक एक्सप्रेस-वे निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया। टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन के लिए रोड कम रेल ट्रेक टनल निर्माण, अतिरिक्त अलाइनमेंट का फाइनल लोकेशन सर्वे एवं स्वीकृति, बागेश्वर-कर्णप्रयाग रेल लाइन का सर्वेक्षण, हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के दोहरीकरण तथा ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन के प्रस्ताव पर विचार करने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने आयुष मंत्रालय द्वारा प्रस्तावित तीन अखिल भारतीय आयुर्वेदिक संस्थानों में से एक संस्थान की स्थापना किच्छा, जनपद ऊधमसिंह नगर में किए जाने का अनुरोध किया।

उन्होंने कुम्भ-2027 के सफल आयोजन के लिए ₹500 करोड़ तथा SASCI के अंतर्गत लगभग ₹9,500 करोड़ की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने RDSS योजना के अंतर्गत स्मार्ट मीटरिंग एवं विद्युत प्रणाली के सुदृढ़ीकरण हेतु ₹3,436.08 करोड़ की स्वीकृति, चारधाम यात्रा के प्रमुख स्थलों पर ATC टावर की व्यवस्था तथा चम्पावत बाईपास के लिए ₹199 करोड़ की स्वीकृति प्रदान करने के लिए भी धन्यवाद दिया।

उन्होंने देहरादून से हरिद्वार तक आरआरटीएस विस्तार के लिए मेरठ-मोदीपुरम से हरिद्वार तक फिजिबिलिटी स्टडी कराने तथा ऋषिकेश में यातायात दबाव को देखते हुए बजरंग सेतु से बैरागी कैंप तक अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के माध्यम से फिजिबिलिटी स्टडी कराने में सहयोग के लिए भी प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को अवगत कराया कि राज्य में वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में रामनगर, देहरादून, ऋषिकेश एवं त्रियुगीनारायण को विकसित किया जा रहा है। चोपता-दुगलबिट्टा, पटवाडांगर एवं शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत नए वेडिंग डेस्टिनेशन विकसित करने की पहल की जा रही है। इसके साथ ही राज्य में वेडिंग डेस्टिनेशन पॉलिसी तैयार कर विस्तृत गाइडलाइंस जारी की गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed