नाबालिक छात्रों के स्कूटी-बाइक चलाने पर सख्त हुआ परिवहन विभाग, लक्सर रोड स्थित स्कूल के पास बड़ी कार्रवाई
ब्यूरो
Posted no : 01/10/2026
हरिद्वार।
स्कूली छात्रों द्वारा बेधड़क दोपहिया वाहन दौड़ाए जाने और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने की शिकायतों पर परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। बृहस्पतिवार को विभाग की टीम ने लक्सर रोड पर स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल के पास एक विशेष अभियान चलाया। परिवहन विभाग और स्कूल प्रबंधन की बार-बार हिदायत के बावजूद छात्र नियमों को ताक पर रखकर स्कूटी और बाइक से स्कूल पहुंच रहे थे। चेकिंग से बचने के लिए छात्रों ने अपने वाहनों को स्कूल के ठीक बगल वाली गली में पार्क किया हुआ था, जिस पर कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने लगभग दो दर्जन दोपहिया वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया।
दोपहर में स्कूल की छुट्टी के समय सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) निखिल शर्मा की मौजूदगी में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। गली में खड़े नाबालिग छात्रों के इन सभी सीज वाहनों को ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर परिवहन विभाग कार्यालय भिजवाया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से बिना लाइसेंस और नियमों के विरुद्ध वाहन लाने वाले छात्रों और उनके अभिभावकों में हड़कंप मच गया। एआरटीओ निखिल शर्मा ने अभिभावकों से बेहद सख्त लहजे में अपील करते हुए कहा कि वे अपने नाबालिग बच्चों के हाथों में वाहन देकर उनकी और दूसरों की जान खतरे में न डालें। सड़क सुरक्षा और छात्रों की जान-माल की रक्षा के लिए परिवहन विभाग अब इस तरह के अभियानों को शहर के अन्य हिस्सों में भी तेजी से आगे बढ़ाएगा।
एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा ने स्पष्ट किया कि रोड सेफ्टी को लेकर विभाग पूरी तरह गंभीर है और आने वाले दिनों में हरिद्वार के अन्य प्रमुख स्कूलों के आसपास भी इसी प्रकार की औचक चेकिंग और जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अभिभावकों और स्कूल प्रबंधनों से यातायात नियमों का पालन कराने में सहयोग करने की बात कही है।
