गंगा का जलस्तर बढ़ा, वार्निंग लेवल के पार पहुंची, बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त
ब्यूरो
Posted no : 27/09/2026
हरिद्वार।
प्रदेश के अन्य हिस्सों के साथ हरिद्वार में भी दो दिनों से बारिश लगातार जारी है। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से हरिद्वार जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लगातार हो रही रिमझिम बारिश से जहां तापमान में भारी गिरावट आ गई है, वहीं जनजीवन भी अस्त व्यस्त नजर आ रहा है।
पहाड़ी क्षेत्रों में जारी लगातार बारिश से गंगा के जलस्तर में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। रविवार दोपहर तक हरिद्वार के भीम गौड़ा बैराज पर गंगा का जलस्तर चेतावनी के निशान को पार कर गया। ऊपरी बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद हरिद्वार में गंगा 293 मीटर पर बह रही है। उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के अधिकारी और जिला प्रशासन गंगा के जल स्तर पर अपनी नजर बनाए हुए हैं।
यूपी सिंचाई विभाग के जेई हरीश कुमार का कहना है कि पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश जारी रहने के चलते ऊपरी बैराज से पानी छोड़ा गया है। हालात इसी तरह बने रहे तो जल स्तर और ज्यादा बढ़ सकता है।
