मुख्यमंत्री की पहल पर शुरू चार धाम स्वच्छता जागरूकता रंग लाई, करीब 800 टन कचरा इकट्ठा हुआ
ब्यूरो
Posted no : 26/09/2026
देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आह्वान पर चारधाम यात्रा को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने का अभियान रंग ला रहा है। यात्रा सीजन में अब तक केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में कुल 798 टन कचरा एकत्रित किया जा चुका है। सफाई व्यवस्था के लिए जिम्मेदार निकायों ने कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण और प्लास्टिक रिसाइक्लिंग पर जोर दिया है।
केदारनाथ में अब तक 32 टन कचरा एकत्र हुआ, जिसमें 20 टन प्लास्टिक है। पैदल मार्ग पर सफाई कर रही सुलभ इंटरनेशनल ने 270 टन कचरा जुटाया है, जिसमें 6.5 टन प्लास्टिक रिसाइक्लिंग के लिए भेजा गया। बदरीनाथ में 393 टन कचरा एकत्र हुआ है, जिसमें 161 टन सूखा कूड़ा और करीब 24 टन अलग किया गया प्लास्टिक शामिल है।
गंगोत्री में 98 टन कचरा एकत्रित हुआ है। इसमें 22 टन प्लास्टिक को रिसाइकिल कर नगर पंचायत ने 55 हजार रुपये की आय अर्जित की, जबकि कचरे से 2.5 टन खाद भी तैयार की गई। यमुनोत्री यात्रा मार्ग पर 4.85 टन प्लास्टिक कचरा एकत्र कर सुरक्षित निस्तारण किया गया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चारधाम आस्था और संस्कृति के साथ हिमालय की संवेदनशील पारिस्थितिकी का भी हिस्सा हैं। उन्होंने चारों धामों को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए वैज्ञानिक कचरा निस्तारण और रिसाइक्लिंग पर जोर देते हुए अभियान में श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों और व्यापारियों की सहभागिता को जरूरी बताया।
