DSVV में 800 से अधिक युवाओं और शिक्षकों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प
ब्यूरो
Posted no : 20/09/2026
हरिद्वार।
युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और उनकी ऊर्जा को सकारात्मक-रचनात्मक दिशा देने के उद्देश्य से अखिल विश्व गायत्री परिवार और देव संस्कृति विश्वविद्यालय (DSVV) द्वारा एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यह आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रव्यापी अभियान ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के अंतर्गत हुआ।
विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष डॉ. चिन्मय पंड्या के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में 800 से अधिक विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। आयोजन को सफल बनाने में एनसीसी (NCC), एनएसएस (NSS), स्काउट्स एंड गाइड्स तथा देव संस्कृति स्टूडेंट्स क्लब की मुख्य भूमिका रही।
जागरूकता रैली और ‘नशासुर’ के रचनात्मक स्वरूप रहे आकर्षण
कार्यक्रम के तहत एक विराट जागरूकता रैली निकाली गई, जिसके माध्यम से समाज को नशे की बुराइयों के प्रति सचेत किया गया। रैली में विद्यार्थियों ने नशे के विनाशकारी प्रभावों को दर्शाते हुए ‘नशासुरों’ के रचनात्मक स्वरूप प्रस्तुत किए, जो आकर्षण का केंद्र रहे। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। इसके साथ ही, छात्राओं के एक दल ने नुक्कड़ नाटक के जरिए नशे से व्यक्तिगत, पारिवारिक और सामाजिक जीवन पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को बेहद प्रभावी ढंग से मंचित किया।
ध्यान, संगीत और खेलकूद से दिया सकारात्मक जीवनशैली का संदेश युवाओं को आत्मसंयम, एकाग्रता और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने के लिए ध्यान (मेडिटेशन) सत्र का आयोजन किया गया। साथ ही, नशामुक्ति पर आधारित प्रेरक गीतों के माध्यम से युवाओं को जागरूक किया गया। युवा ऊर्जा को खेलों से जोड़ने के लिए ‘देव संस्कृति स्पोर्ट्स लीग’ के अंतर्गत खो-खो और वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। आयोजकों ने बताया कि खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, आपसी सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धात्मकता का विकास करना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है।
गौरतलब है कि भारत सरकार के इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा देशभर में विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियां चलाई जा रही हैं, ताकि ‘नशामुक्त भारत’ का सपना साकार हो सके।
