कांवड़ मेले में तैनात रहेंगे 6 हजार से ज्यादा जवान, पुलिस लाइन में हुई फोर्स की ब्रीफिंग
ब्यूरो
Posted no : 25/07/2026
हरिद्वार।
कांवड़ मेला 2026 को सकुशल और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए उत्तराखण्ड पुलिस ने कमर कस ली है। हरिद्वार के रोशनाबाद स्थित पुलिस लाइन में एडीजी कानून एवं व्यवस्था वी. मुर्गेशन की अध्यक्षता में आयोजित संयुक्त ब्रीफिंग में वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मेला क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए इसे 18 सुपर जोन, 40 जोन और 141 सेक्टरों में बांटा गया है।
यात्रा की सुरक्षा के लिए 6 हजार से अधिक जवानों और 13 पैरामिलिट्री कंपनियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा, पूरे क्षेत्र पर 10 ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी नेटवर्क से 24 घंटे कड़ी निगरानी रखी जाएगी। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की 4 टीमें भी लगातार सक्रिय रहेंगी। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को श्रद्धालुओं के साथ शालीन व्यवहार, सतर्कता और त्वरित सूचना तंत्र बनाए रखने के निर्देश दिए।
