हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में बनेगा मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान’, अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण
ब्यूरो
Posted no : 25/06/2026
हरिद्वार।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की की घोषणाओं के तहत हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान की स्थापना की जाएगी। ये संस्थान भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृति, योग, ज्योतिष, वैदिक अध्ययन और प्राच्य विद्याओं के संरक्षण, संवर्धन और शोध का एक बड़ा केंद्र बनेगा।
परियोजना को जल्द धरातल पर उतारने के लिए मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु ने अधिकारियों के साथ ऋषिकुल मैदान का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके बाद हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (HRDA) सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने परियोजना की रूपरेखा, भूमि, आधारभूत संरचना, पार्किंग और निर्माण कार्य की कार्ययोजना की समीक्षा की। प्रमुख सचिव ने सभी संबंधित विभागों को एक सप्ताह के भीतर अपनी-अपनी कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
योजना के सफल संचालन के लिए शासन स्तर पर सचिव पर्यटन धीराज सिंह गर्ब्याल और जिला स्तर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। बैठक में पीपीटी के माध्यम से कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण भी किया गया। इस मौके पर सचिव आयुष रंजना राजगुरु, महानिदेशक संस्कृति युगल किशोर पंत, कुंभ मेलाधिकारी सोनिका सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
