केंद्रीय कृषि मंत्री और मुख्यमंत्री ने 88 हज़ार किसानों को डीबीटी के जरिए बीमा राशि भेजी

केंद्रीय कृषि मंत्री और मुख्यमंत्री ने 88 हज़ार किसानों को डीबीटी के जरिए बीमा राशि भेजी

ब्यूरो

Posted no : 29/12/2025

चमोली।
चमोली जनपद के गौचर में किसानों के कल्याण और आर्थिक उत्थान को समर्पित राज्य स्तरीय किसान दिवस का आयोजन किया गया। इस मौके पर केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मौसम आधारित फसल बीमा योजना के तहत 88 हजार किसानों को ₹65 करोड़ 12 लाख की बीमा राशि DBT के माध्यम से हस्तांतरित की।

केंद्रीय मंत्री ने उत्तराखण्ड में ₹100 करोड़ की लागत से ‘Clean Plant Centre’ स्थापित किए जाने और घेरबाड़ योजना के लिए प्रदेश को ₹90 करोड़ का अतिरिक्त बजट उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने PMGSY-4 योजना के अंतर्गत राज्य की 309 बसावटों को जोड़ने के लिए 1228.2 किमी सड़कों के निर्माण हेतु ₹1706.94 करोड़ की धनराशि स्वीकृत किए जाने का पत्र भी मुख्यमंत्री को सौंपा।

राज्य स्तरीय किसान दिवस के आयोजन में खेती-बागवानी तथा इससे जुड़े क्षेत्रों में राज्य में हो रहे अभूतपूर्व बदलावों के साथ ही किसानों के कल्याण एवं आर्थिक उत्थान की दिशा में किए जा रहे ऐतिहासिक प्रयासों की जीवंत तस्वीर देखने को मिली। इस आयोजन में प्रतिभाग करने के लिए गौचर पहुँचे केंद्रीय कृषि मंत्री उत्तराखण्ड में कृषि क्षेत्र में हो रहे बदलावों के साक्षी बने तथा इस दिशा में राज्य सरकार के प्रयासों की जमकर सराहना की।

केंद्रीय कृषि मंत्री और मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से आए किसानों से संवाद कर मेले में विभिन्न विभागों एवं महिला समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी अवलोकन किया। कार्यक्रम के दौरान कृषि एवं इससे जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को आत्मा योजना के अंतर्गत ‘किसान भूषण पुरस्कार’ से सम्मानित करने के साथ ही रिवर्स पलायन कर कृषि के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले किसानों एवं समूहों को भी सम्मान दिया गया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार उत्तराखण्डवासियों की निरंतर सेवा कर रही हैं। उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी राज्य के विकास के प्रति समर्पित रहने के साथ ही महिला और किसानों के सशक्तिकरण के लिए विशेष तौर पर प्रयासरत रहते हैं।

उन्होंने उत्तराखण्ड के माल्टा की प्रशंसा करते हुए कहा कि केंद्र सरकार उत्तराखण्ड के माल्टा को देश – विदेश तक पहुंचाने के लिए कोर कसर नहीं छोड़ेगी। उत्तराखण्ड में भले ही खेती की जमीन कम हो रही है, बावजूद इसके कृषि उत्पादन बढ़ रहा है।

ब्यूरो

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *