पेपर लीक प्रकरण: एक सदस्यीय जांच आयोग पहुंचा हरिद्वार, जनसुनवाई कर लिए सुझाव
ब्यूरो
Posted no : 27/10/2025
हरिद्वार।
uksssc पेपर लीक मामले में एकल सदस्यीय आयोग की जांच और जनसुनवाई लगातार जारी है। जस्टिस यूसी ध्यानी की अध्यक्षता में गठित जांच आयोग सोमवार को हरिद्वार पहुंचा जहां एचआरडीए के सभागार में आयोग ने जनसुनवाई के दौरान अभ्यार्थियों, अभिभावकों और अन्य स्टेक होल्डर से सुझाव लिए।
सभागार में मौजूद तमाम अभ्यर्थियों ने uksssc की परीक्षा को बेहतर बनाने के लिए तमाम सुझाव दिए। जिनमें सबसे ज्यादा सुझाव मैदानी क्षेत्र के अभ्यर्थियों के लिए गढ़वाली-कुमाऊनी बोलियों पर आधारित प्रश्न पूछे जाने को लेकर आए। मैदानी इलाकों के अभ्यर्थियों ने आपत्ति जताते हुए कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में कुमाऊनी और गढ़वाली बोली से जुड़े 10 से 12 सवाल पूछे जा रहे हैं। जिससे मैदानी अभ्यर्थियों को सीधे तौर पर नुकसान हो रहा है।
इसके अलावा अभ्यर्थियों ने दूर दूर परीक्षा केंद्र आवंटित करने और ओएमआर शीट खाली ना छोड़े जाने को लेकर भी सुझाव दिए। जांच आयोग के अध्यक्ष जस्टिस यूसी ध्यानी ने कहा कि जनसुनवाई के दौरान संकलित किए गए सभी सुझाव और शिकायतें फाइनल रिपोर्ट में शामिल किए जाएंगे। उसके बाद रिपोर्ट सरकार को सौंपी जाएगी।
