साध्वी ऋतंभरा के नवनिर्मित आश्रम के उद्घाटन समारोह में सम्मिलित हुए मुख्यमंत्री


ब्यूरो
Posted no : 01/06/2025
हरिद्वार।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हरिद्वार पहुंचकर वात्सलय गंगा आश्रय का लोकार्पण किया तथा श्री कृष्ण कथा में प्रतिभाग करते हुए साधु सन्तों का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने मां गंगा की आराधना कर समस्त प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की भी प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि साध्वी ऋतम्भरा द्वारा जो प्रकल्प चलाए जा रहे हैं, उनके बारे में जितना कहा जाए उतना ही कम है। उनके नेतृत्व में निराश्रित बेटियों को नव जीवन देने का जो दिव्य कार्य हो रहा है, वह समाज में आशा, करुणा और पुनर्निर्माण का सशक्त प्रतीक है। उनके संकल्प से अनेक बेटियों का जीवन सकारात्मक दिशा में परिवर्तित हुआ है। यह वास्तव में समाजसेवा की प्रेरणादायी मिसाल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन से देवभूमि उत्तराखण्ड में अनेक प्रकार के विकास कार्य हो रहे हैं। जिसमें समान नागरिक संहिता प्रमुुख है। समान नागरिक संहिता की यह गंगोत्री उत्तराखण्ड से निकली है और आने वाले समय में पूरे देश को इसका लाभ मिलने वाला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में धार्मिक पुनरुत्थान का महा पर्व चल रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में भव्य और दिव्य केदार का निर्माण हुआ है। हरिद्वार-ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर और शारदा कॉरिडोर का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभी चार धाम यात्रा चल रही है। इस वर्ष अभी तक लगभग 18 लाख श्रद्धालुओं ने चार धामों के दर्शन कर लिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली-देहरादून एलीवेटेड रोड का निर्माण भी पूरा होने वाला है। यह काम पूरा होते ही यह दूरी लगभग दो से ढाई घंटे में पूरी हो जाएगी।
कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा प्रदेश में सराहनीय कार्य किए जा रहे हैं। यह दिल्ली के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड देवभूमि है और धामी जी पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि जो भी अच्छी योजनाएं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लाएंगे वह दिल्ली में भी जाएंगी। उन्होंने कहा कि मां यमुना स्वच्छ हो, मां गंगा जी के चरणों में आकर अपने इस प्रण को पुनः दोहरा रही हूं।