धरातल पर उतरे DM मयूर दीक्षित: 15 अक्टूबर तक जिले की सड़कें गड्ढामुक्त करने के दिए सख्त निर्देश
ब्यूरो
Posted no : 29/08/2026
हरिद्वार।
सड़कों को गड्ढामुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित उतरे धरातल पर
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद की सड़कों को यातायात के लिए सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए हरिद्वार-नजीबाबाद और मंगलौर राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क की स्थिति, गड्ढों, सफाई, अतिक्रमण और निर्माणाधीन फ्लाईओवरों की प्रगति का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि आगामी 15 अक्टूबर तक जिले की सभी सड़कों को हर हाल में गड्ढामुक्त किया जाए, ताकि बरसात के कारण हुई क्षति से दुर्घटनाओं की संभावना खत्म हो सके। सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिलाधिकारी ने राजमार्ग के किनारे अवैध रेड़ी-ठेलियों व अस्थायी अतिक्रमण को तत्काल हटाने के आदेश दिए। इसके साथ ही वाहन चालकों की दृश्यता प्रभावित करने वाली सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटाई और नियमित सफाई का कार्य प्राथमिकता पर पूरा करने को कहा। उन्होंने परिवहन विभाग को दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां साइन बोर्ड, चेतावनी संकेतक और आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर लगाने के निर्देश दिए।
निर्माणाधीन फ्लाईओवरों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और कुंभ मेले के आयोजन से पूर्व सभी प्रमुख निर्माण पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क मरम्मत, अतिक्रमण हटाने और निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित विभाग आपस में तालमेल बनाकर तय सीमा में कार्य पूर्ण करें ताकि आमजन को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
