जंगली हाथियों ने जमकर मचाया उत्पात, दुकान का छप्पर तोड़ा बस घेरी, लोगों में मच गई अफरा तफरी
ब्यूरो
Posted no : 10/11/2025
हरिद्वार।
हरिद्वार में लक्सर रोड पर दो जंगली हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। सोमवार सुबह यहां मिस्सरपुर गांव के पास जंगल से निकलकर आबादी में आ धमके दो हाथियों ने सड़क पर ट्रैफिक रोक लिया और काफी देर तक चहल कदमी करते रहे। इस दौरान हाथियों ने स्कूली बच्चों से भरी एक स्कूल बस को भी दोनों ओर से घेर लिया। विशालकाय हाथियों को देख स्कूली बच्चे सहम गए। इतना ही नहीं हाथियों ने सड़क पर मूंगफली की दुकान के लिए बनाए गए एक छप्पर को भी तहस-नहस कर तोड़ डाला।
हाथियों के उत्पात को देखकर काफी देर तक लोगों के बीच अफरा तफरी मची रही। थोड़ी देर बाद हाथी हाईवे से निकलकर जंगल की ओर चले गए। इस दौरान कोई भी वनकर्मी मौके पर नजर नहीं आया। स्थानीय निवासी सुनील जायसवाल का कहना है कि इस इलाके में आए दिन जंगली हाथी आ रहे हैं और लोगों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। कोई बड़ा हादसा हो उससे पहले वन विभाग को ठोस कदम उठाने चाहिए। फॉरेस्ट रेंज अधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि इस क्षेत्र में वन कर्मियों की गश्त बढ़ाई गई है।
