हरिद्वार।
उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय, हरिद्वार के शिक्षा शास्त्र विभाग एवं SC/ST, OBC, PWD एवं माइनॉरिटी सेल के संयुक्त तत्वावधान में संविधान दिवस के मौके पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दीप प्रज्वलन में बाद छात्राध्यापक अनुज कुमार ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करवाया। इस दौरान उपस्थित प्रतिभागियों ने न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के संवैधानिक आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम का संचालन छात्राध्यापक सूरज पांडेय ने किया।

कार्यक्रम में छात्राध्यापिका प्रतिभा सक्सेना ने मौलिक कर्तव्यों पर विस्तार से विचार रखते हुए नागरिकों के नैतिक एवं सामाजिक दायित्वों तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को रेखांकित किया। छात्राध्यापक आकाशदीप ने मौलिक अधिकारों की महत्ता बताते हुए कहा कि संविधान प्रदत्त अधिकार प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और गरिमापूर्ण जीवन का अवसर प्रदान करते हैं। वहीं, छात्राध्यापक प्रदीप जोशी ने संविधान में वर्णित शैक्षिक प्रावधानों की अनुच्छेदवार व्याख्या करते हुए शिक्षा का अधिकार, समान शैक्षिक अवसरों तथा वंचित एवं कमजोर वर्गों के शैक्षिक हितों के संरक्षण से जुड़ी संवैधानिक व्यवस्थाओं पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रमाध्यक्ष डॉ. प्रकाश चंद्र पंत ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान केवल शासन संचालन का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, सामाजिक समरसता, समानता और नागरिक गरिमा का आधार है। उन्होंने कहा कि भावी शिक्षकों के लिए संवैधानिक मूल्यों की समझ अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि शिक्षक ही आने वाली पीढ़ी में लोकतांत्रिक चेतना, सहिष्णुता, समानता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं। सेल की नोडल अधिकारी मीनाक्षी सिंह रावत ने संविधान की निर्माण प्रक्रिया, मूल भावना और नागरिक जीवन में उसकी प्रासंगिकता पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने अधिकारों के साथ मौलिक कर्तव्यों के महत्व को समझने तथा शिक्षण संस्थानों में संवैधानिक आदर्शों को व्यवहार में अपनाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने संविधान की मूल भावना को व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जीवन में आत्मसात करने और एक जागरूक, संवेदनशील एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भावी शिक्षकों में संवैधानिक चेतना विकसित करने के साथ लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और शैक्षिक समानता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस अवसर पर प्रो. बिंदुमती द्विवेदी, डॉ. सुमन प्रसाद भट्ट सहित शिक्षा शास्त्र विभाग के छात्राध्यापक एवं छात्राध्यापिकाएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *