हरिद्वार।
हरिद्वार में जंगली हाथियों की सड़क पर चहलकदमी करने और रोड क्रॉस करने की वीडियो अक्सर सामने आती रहती हैं, लेकिन इस बार जंगली हाथी ट्रैफिक जाम में फंस गया। घटना हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर फॉरेस्ट की श्यामपुर रेंज की है। जहां रविवार को हाथी जंगल से निकल कर दूसरी और जा रहा था। इस दौरान हाथी हाईवे पर जाम ट्रैफिक के बीच फंस गया और उसे पार जाने का रास्ता नहीं मिला। काफी देर तक हाथी इधर-उधर घूम कर रास्ता ढूंढता रहा।
इस दौरान गाड़ियों में मौजूद लोग सहम गए और उनके बीच अफरा तफरी मच गई। हाथी के रोड पर पहुंचने की सूचना पाकर वनकर्मी भी पहुंचे और हाथी को सड़क पार कराने का प्रयास किया। इस दौरान लोगों की लापरवाही भी सामने आई। लोग गाड़ियां रोक कर हाथी की वीडियो बनाने लगे। गनीमत रही की हाथी आक्रामक नहीं हुआ और उसने किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया।
