घर से लापता हुए तीन किशोर हरिद्वार में मिले, ऑपरेशन स्माइल के तहत पुलिस ने परिजनों से मिलाया
ब्यूरो
Posted no : 23/02/2026
हरिद्वार।
हरिद्वार में पुलिस ने घर से भाग कर आए तीन बच्चों को सही सलामत बरामद कर परिवार से मिलाया है। शनिवार को सत्यापन अभियान के दौरान 11 और 12 साल के तीन किशोर हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर घूमते मिले थे। पूछताछ करने पर तीनों नाबालिक पुलिस को संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। जिसके बाद ऑपरेशन स्माइल की टीम ने इन किशोरों को अपने संरक्षण में लिया और भरोसे में लेकर बातचीत की तो पता चला कि आर्यन, दीपक और मयंक नाम के तीनों किशोर हरियाणा के गुरुग्राम की एक कॉलोनी के रहने वाले हैं। तीनों कक्षा 6 के छात्र हैं और एक ही क्लास में पढ़ते हैं।
ये तीनों स्कूल खत्म होने के बाद घूमने के लिए ट्रेन में बैठकर हरिद्वार आ गए हैं। जिसके बाद पुलिस ने बच्चों के परिजनों से संपर्क किया। अपने गुमशुदा बच्चों की खबर पाते ही उनके परिजन हरिद्वार पहुंचे और गुमशुदा बच्चों को सही सलामत देखकर फफक कर रोने लगे। एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि बच्चे पूरी तरह से सही सलामत है। उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। एसएसपी ने ऑपरेशन स्माइल की टीम की भी सराहना की।
