दिल्ली में अबकी बार भाजपा की सरकार, AAP के दिग्गज भी हारे चुनाव


ब्यूरो
Posted no : 09/02/2025
नई दिल्ली।
दिल्ली विधानसभा चुनावों के नतीजे आ गए हैं। 26 साल बाद भाजपा ने दिल्ली में जीत हासिल की है। 70 विधानसभा वाले राज्य में भाजपा ने 48 सीटों के साथ स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। वहीं भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरी आम आदमी पार्टी ने सत्ता गंवा दी है। भाजपा की जीत से ना सिर्फ दिल्ली में बल्कि दूसरे राज्यों में भी भाजपा कार्यकर्ताओं नेताओं में जश्न का माहौल है। जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि शॉर्टकट वाली राजनीति का जनता ने शॉर्ट सर्किट कर दिया है। 21वीं सदी में पैदा हुए युवा पहली बार दिल्ली में भाजपा का सुशासन देखेंगे।
आप के दिग्गज हारे चुनाव
विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने ना सिर्फ सत्ता गंवाई है बल्कि पार्टी के दिग्गजों की भी हार हुई है। पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल खुद अपनी सीट पर चुनाव हार गए हैं। वहीं पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया, मंत्री सौरव भारद्वाज, सत्येंद्र जैन समेत तमाम दिग्गज हार गए हैं। पार्टी के बड़े चहरों में सिर्फ मुख्यमंत्री आतिशी अपनी सीट बचाने में कामयाब रही हैं। पिछली बार की तरह ही कांग्रेस को दिल्ली विधानसभा चुनाव में एक भी सीट नहीं मिली है।