उत्तरकाशी के दौरे पर रहे मुख्यमंत्री, सरकारी योजनाओं के स्टालों का निरीक्षण किया
ब्यूरो
Posted no : 19/02/2026
उत्तरकाशी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को विकास खंड परिसर चिन्यालीसौड़ (उत्तरकाशी) में आयोजित जन-जन की सरकार,जन -जन के द्वार कार्यक्रम में विभागीय स्टालों का निरीक्षण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्या एवं शिकायतें सुनते हुए मौके पर ही अधिकांश समस्याओं का निस्तारण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम से आमजन को राहत मिली है तथा प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक सुगम और पारदर्शी हुई है। इस अभियान के तहत अब तक 600 से अधिक शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इन शिविरों में पाँच लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया। जबकि 40 हजार से ज्यादा लोगों को विभिन्न योजनाओं का सीधा लाभ प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय तक न जाना पड़े। इसी उद्देश्य से अभियान चलाकर गांव-गांव में शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां मौके पर ही समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में हेली सेवा के विस्तार के लिए सरकार ने अहम निर्णय लिए है। चिन्यालीसौड़ एवं गौचर हवाई पट्टी से हेली सेवा शुरू होगी। दोनों हवाई पट्टी सेना के माध्यम से संचालित करने की योजना है। उन्होंने कहा कि अप्रैल से चारधाम यात्रा शुरू हो जाएगी। सरकार ने यात्रा की तैयारी पहले से ही शुरू कर दी है। ताकि यात्री, श्रद्धालु यहां से अच्छा अनुभव लेकर जाएं। सरकार यात्रा शुरू कराने में समन्वयक के रूप में है जबकि असली यात्रा शुरू कराने में स्थानीय हितधारक, तीर्थ पुरोहित, होटल, टैक्सी, मैक्सी संचालक स्थानीय लोगों की भूमिका है।
