भाजपाइयों की दबंगई, नगर पालिका ऑफिस पहुंचकर अधिकारी कर्मचारियों को धमकाया, हाथापाई भी की


ब्यूरो
Posted no : 11/05/2024
हरिद्वार।
शिवालिक नगर में भाजपा कार्यकर्ताओं की दबंगई सामने आई है। यहां शिवालिक नगर पालिका में अधिशासी अधिकारी कार्यालय पहुंचकर भाजपा मंडल अध्यक्ष और युवा मोर्चा के नेताओं ने अधिशासी अधिकारी सुभाष कुमार और अन्य कर्मचारियों के साथ अभद्रता की है। भाजपा कार्यकर्ताओं की दबंगई का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें भाजपा कार्यकर्ता अधिशासी अधिकारी सुभाष कुमार और अन्य कर्मचारियों को धमकाते हुए और उनके साथ अभद्रता करते हुए नजर आ रहे हैं।
इस दौरान गुस्साए भाजपा कार्यकर्ताओं पर सुरक्षा कर्मी के साथ मारपीट करने का भी आरोप है। शिवालिक नगर पालिका क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ता स्ट्रीट लाइट संबंधी समस्या को लेकर ईओ ऑफिस पहुंचे थे। मामले में सुरक्षा कर्मी कृष्ण कुमार की ओर से मंडल अध्यक्ष कैलाश भंडारी समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ रानीपुर कोतवाली में शिकायत दी गई है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं अभद्रता से नाराज पालिका के सफाई कर्मचारियों ने कोतवाली का घेराव किया और कार्य बहिष्कार पर चले गए। सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि यही लोग सफाई के दौरान उनके साथ भी अभद्रता करते हैं। आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।