हरिद्वार।
उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय, हरिद्वार में स्वास्थ्य जागरूकता एवं नशामुक्ति अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने छात्र-छात्राओं को एचआईवी संक्रमण से बचाव, स्वास्थ्य सुरक्षा और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम में टीबी हॉस्पिटल, हरिद्वार के डॉ. हेमंत खर्कवाल ने एचआईवी संक्रमण के कारणों, प्रसार के तरीकों और बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सुरक्षित व्यवहार, समय पर जांच, जागरूकता और उचित चिकित्सकीय परामर्श के माध्यम से एचआईवी संक्रमण के खतरे को कम किया जा सकता है।

वहीं, ENTF प्रभारी इंस्पेक्टर शांति कुमार ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने नशे के विभिन्न प्रकारों और उनके शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से नशामुक्त जीवन अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों की बातों को गंभीरता से सुना और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक जांच के लिए रक्त के नमूने भी एकत्रित किए।

इस मौके पर विभागाध्यक्ष डॉ. प्रकाश पंत, प्रोफेसर बिन्दुमती द्विवेदी, डॉ. सुमन प्रसाद भट्ट, खीमेश परगांई, अभिषेक सेमेल्टी, विनोद कुमारी और त्रिशा अत्री सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *