हरिद्वार।
हरिद्वार से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिसमें स्कूल की फीस ना माफ कराने के लिए पिता ने दो बच्चों के अपहरण की साजिश रच दी और खुद ही थाने में रिपोर्ट लिखाने पहुंच गया। मामला पथरी थाना क्षेत्र के धनपुरा गांव का है। गांव के रहने वाले मुनव्वर ने शनिवार को पथरी थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उसके बच्चे स्कूल से निकलकर घर नहीं पहुंचे। इस पर उसने अपहरण का अंदेशा भी जताया।
पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज करते हुए गंभीरता से तहकीकात की तो कुछ ही घंटे के भीतर बच्चों को बसेड़ी गांव स्थित उनकी बुआ के घर से बरामद कर लिया। पूछताछ किए जाने पर सामने आया कि मुनव्वर के दोनों बच्चे प्राइवेट स्कूल में पढ़ते हैं। जिनकी कई महीनों की फीस बकाया चल रही है। स्कूल वाले फीस लाने का दबाव बना रहे हैं। स्कूल की फीस माफ कराने के लिए मुनव्वर ने ये अपहरण की कहानी रच दी। एसपी देहात स्वप्न किशोर सिंह ने बताया कि आरोपी मुनव्वर का चालान कर उसे भविष्य में ऐसा ना करने की हिदायत दी है।
