हरिद्वार।
जंगल सफारी के शौकीन पर्यटकों के लिए अच्छी खबर है। राजाजी टाइगर रिजर्व नेशनल पार्क के गेट रविवार को नए पर्यटन सत्र के लिए खोल दिए गए। चीला रेंज में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ पर्यटन सत्र की शुरुआत हुई। पहले ही दिन सफारी को लेकर पर्यटकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और सभी स्लॉट बुक हो गए।
नए पर्यटन सत्र के शुरू होते ही राजाजी के जंगलों में एक बार फिर पर्यटकों की चहल-पहल बढ़ गई है। पहले दिन देश-विदेश से पहुंचे पर्यटकों और वाइल्ड लाइफ शोधार्थियों ने जंगल सफारी का आनंद लिया। पर्यटक हाथी, हिरण, गुलदार और विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों को उनके प्राकृतिक आवास में देखने के लिए उत्साहित नजर आए।
वार्डन विजय सैनी ने बताया कि पर्यटन सत्र 15 नवंबर से 15 जून तक संचालित होगा। इस दौरान पर्यटक वन्यजीवों के दीदार के साथ जंगल की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि पार्क प्रशासन की प्राथमिकता वन और वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए पर्यटन गतिविधियों का संचालन करना है।
पिछले कुछ वर्षों में राजाजी टाइगर रिजर्व पहुंचने वाले पर्यटकों की संख्या में लगातार इजाफा हुआ है। इससे पार्क के राजस्व में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
