हरिद्वार।
ज्ञान भारत मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बुधवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में आयोजित बैठक में जनपद में उपलब्ध प्राचीन पांडुलिपियों के सर्वेक्षण, पंजीकरण, संरक्षण और डिजिटाइजेशन को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सीडीओ डॉ. मिश्र ने कहा कि ज्ञान भारत मिशन का उद्देश्य देश की प्राचीन ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित कर भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना है। इसके तहत सार्वजनिक एवं निजी पुस्तकालयों, शिक्षण संस्थानों, मंदिरों, आश्रमों, मठों और अन्य धार्मिक संस्थाओं में उपलब्ध प्राचीन पांडुलिपियों एवं हस्तलिखित ग्रंथों की पहचान कर उनका पंजीकरण किया जाएगा।

उन्होंने आमजन और संस्थाओं से अपील की कि जिनके पास प्राचीन पांडुलिपियां या दुर्लभ ज्ञान सामग्री उपलब्ध है, वे इसकी जानकारी जिला पर्यटन विकास अधिकारी कार्यालय, हरिद्वार में दें। खंड शिक्षा अधिकारियों के कार्यालयों और संस्कृत महाविद्यालयों के माध्यम से भी जानकारी साझा की जा सकती है।

बैठक में बताया गया कि राज्य स्तर पर पतंजलि विश्वविद्यालय को नोडल संस्था बनाया गया है। पंजीकृत पांडुलिपियों को ज्ञान भारतम ऐप एवं पोर्टल के माध्यम से डिजिटाइज किया जाएगा। सीडीओ ने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *