मुख्यमंत्री ने हरिद्वार में 235 करोड़ की योजनाओं का किया शिलान्यास, कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा भी की
ब्यूरो
Posted no : 21/07/2026
हरिद्वार।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार को विश्वस्तरीय आध्यात्मिक नगरी के रूप में विकसित करने के लिए ₹235 करोड़ की चार बड़ी अवसंरचना परियोजनाओं का भूमि पूजन और शिलान्यास किया। उत्तराखंड निवेश एवं आधारिक संरचना विकास बोर्ड (UIIDB) द्वारा संचालित इन योजनाओं में प्रशासनिक मार्ग कॉरिडोर विकास, हर की पैड़ी और सुभाष घाट का पुनरुद्धार, उत्तरी क्षेत्र में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और रोड़ी बेलवाला का पुनर्विकास शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं आगामी महाकुंभ-2027 और कांवड़ यात्रा के सफल संचालन के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान करेंगी।
समारोह में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महाकुंभ को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए सड़कों के चौड़ीकरण, नए पुलों व घाटों के निर्माण के साथ-साथ हेलीपोर्ट, पॉड टैक्सी और रोपवे जैसी आधुनिक सुविधाओं पर तेजी से काम कर रही है। इसके अलावा रीड्राइंग के साथ कांवड़ पटरी मार्ग के स्थायी विकास पर भी ध्यान दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित अनुभव मिल सके।
इसी दौरान मुख्यमंत्री ने आगामी कांवड़ मेला की तैयारियों को लेकर मेला नियंत्रण भवन में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक भी की। उन्होंने ‘सुरक्षित, सुव्यवस्थित और स्वच्छ कांवड़’ का लक्ष्य निर्धारित करते हुए अधिकारियों को समय से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, मेडिकल कैंप, वॉटर एम्बुलेंस, महिला पुलिस बल और महिला श्रद्धालुओं के लिए ‘पिंक टॉयलेट्स’ की व्यवस्था को प्राथमिकता देने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल, ड्रोन, सीसीटीवी और एआई (AI) आधारित निगरानी प्रणाली के प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, मदन कौशिक, स्थानीय जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
