जमीन खरीद घोटाला! नगर निगम के 4 अफसर सस्पेंड, एक का सेवा विस्तार खत्म किया


ब्यूरो
Posted no : 02/05/2025
देहरादून।
पिछले कुछ दिनों से चर्चा में चल रहे हरिद्वार नगर निगम में हुई जमीन खरीद में गड़बड़ी मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। शासन ने नगर निगम हरिद्वार के चार अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है। जबकि एक को कारण बताओं नोटिस दिया गया है। सस्पेंड होने वालों में सहायक नगर आयुक्त रविंद्र कुमार दयाल, अधिशासी अभियंता आनंद सिंह मिश्रवाण, कर एवं राजस्व अधीक्षक लक्ष्मीकांत भट्ट और जेई दिनेश चंद्र कांडपाल शामिल हैं। नवंबर 2024 में प्रशासक काल के दौरान नगर निगम हरिद्वार ने सराय में 35 बीघा जमीन खरीदी थी।
चुनावों के बाद भाजपा का बोर्ड बनने के बाद भाजपा नेताओं की ओर से जमीन खरीद में अनियमितता और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया गया। इसके बाद मेयर ने मुख्यमंत्री से मामले की शिकायत की। शिकायत का संज्ञान लेकर मुख्यमंत्री की ओर से मामले में जांच बैठा दी गई। जिसमें जांच अधिकारी सीनियर आईएएस ऑफिसर रणवीर सिंह चौहान को बनाया गया। बताया जा रहा है कि 35 बीघा कृषि भूमि का लैंड यूज चेंज करके उसे आवासीय बनाया गया और करीब 15 करोड़ रुपए कीमत वाली जमीन को 54 करोड़ में खरीद कर पैसे की बंदर बांट की गई। कार्रवाई से नगर निगम प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है।