हरिद्वार।
उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार की ओर से शनिवार को बहादराबाद ब्लॉक के इक्कड़ कलां गांव में विधिक जागरूकता एवं बहुउद्देशीय जनसहायता शिविर आयोजित किया गया। 60 दिवसीय मेगा ड्राइव के प्रथम चरण के तहत आयोजित शिविर में ग्रामीणों को कानूनी अधिकारों, सरकारी योजनाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी गई।

शिविर का उद्घाटन जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष नरेंद्र दत्त, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत भुल्लर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जिला न्यायाधीश ने कहा कि न्याय को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राधिकरण का संकल्प है। उन्होंने पात्र लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने की जानकारी देते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि प्रशासन लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं एसएसपी नवनीत भुल्लर ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, साइबर ठगी से बचाव तथा यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया। उन्होंने आपातकालीन नंबर 112, महिला हेल्पलाइन 1090 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां वितरित कीं। वहीं विभिन्न विभागों के स्टॉल पर राशन कार्ड, पेंशन, श्रम कार्ड, प्रमाण-पत्र और परिवार रजिस्टर से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन भरवाए गए। अभियान के तहत घर-घर संपर्क कर पात्र लोगों को विधिक सहायता और सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *