हरिद्वार।
जनगणना-2027 को लेकर हरिद्वार जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर जनगणना के द्वितीय चरण की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने और अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
जनगणना के दूसरे चरण के तहत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया संचालित की जाएगी। इस दौरान नागरिकों को ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार से संबंधित 40 सवालों के जवाब स्वयं दर्ज करने का अवसर मिलेगा।
जिला प्रशासन ने इस बार 30 हजार से अधिक नागरिकों को स्वगणना प्रक्रिया से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए सरकारी कार्यालयों, स्कूल-कॉलेजों, रेलवे स्टेशनों सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस प्रक्रिया में भागीदारी कर सकें।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने जिले के नागरिकों से स्वगणना में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की। प्रशासन का प्रयास है कि जनगणना की प्रक्रिया पारदर्शी, व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से पूरी हो।
