हरिद्वार।
उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर हरिद्वार सीट पर भाजपा के भीतर सियासी सरगर्मियां काफी तेज हो गई हैं। मंगलवार को डामकोठी में भाजपा के पूर्व सांसद एवं पार्टी पर्यवेक्षक नरेश बंसल ने चुनावी तैयारियों का जायजा लिया और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान पार्टी के कई दिग्गज नेताओं ने नरेश बंसल के समक्ष अपनी दावेदारी मजबूत करते हुए टिकट के लिए बायोडाटा सौंपा।मौजूदा विधायक और कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक हरिद्वार सीट से सबसे प्रबल दावेदार हैं।
हालांकि, उनके अलावा पूर्व मेयर मनोज गर्ग, डॉ. विशाल गर्ग, कन्हैया खेवड़िया, उज्ज्वल पंडित, दर्जाधारी राज्यमंत्री नितिन गौतम, अनिल अरोड़ा और संजय सहगल समेत सात नेताओं ने प्रत्यक्ष रूप से पर्यवेक्षक को अपना बायोडाटा सौंपा। जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा भी दावेदारों की दौड़ में शामिल हैं, जिससे इस हॉट सीट पर टिकट मांगने वालों की संख्या कुल नौ हो गई है।
दावेदारी के दौरान भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कन्हैया खेवड़िया अपने समर्थकों के साथ डामकोठी पहुंचे और शक्ति प्रदर्शन किया। वहीं पूर्व मेयर मनोज गर्ग ने हरिद्वार के साथ-साथ रानीपुर विधानसभा सीट से भी चुनाव लड़ने की इच्छा जताकर हलचल बढ़ा दी है। इसके अलावा, हरिद्वार सीट पर तीर्थ पुरोहित समाज से जुड़े चार प्रमुख नेताओं की दावेदारी भी संगठन में चर्चा का मुख्य केंद्र बनी हुई है।
राजनीतिक बैठकों के बीच संत समाज की दावेदारी भी सामने आई है; महामंडलेश्वर राम मुनि महाराज ने हरिद्वार ग्रामीण सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। बैठकों के बाद पर्यवेक्षक नरेश बंसल ने कहा कि प्रदेश में भाजपा चुनावी मोड में आ चुकी है। सभी नेताओं के काम और स्थानीय समीकरणों पर मंथन किया जाएगा और पार्टी लगातार तीसरी बार प्रदेश में सरकार बनाने जा रही है।
