हरिद्वार।
सुभाष घाट पर खुले आसमान के नीचे गर्भवती महिला के प्रसव के मामले में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सख्त रुख अपनाया है। सोशल मीडिया और मीडिया में खबर सामने आने के बाद डीएम ने मामले का संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही संबंधित अस्पताल प्रबंधन से 48 घंटे के भीतर हस्ताक्षरित जांच रिपोर्ट मांगी गई है।
मामला शनिवार शाम का है। जानकारी के मुताबिक, गंगा घाटों पर मांगकर गुजर-बसर करने वाली एक गर्भवती महिला प्रसव पीड़ा होने पर हरिद्वार के चैन राय महिला चिकित्सालय पहुंची थी। आरोप है कि अस्पताल में उसे भर्ती करने से इनकार कर दिया गया और कोई उपचार भी उपलब्ध नहीं कराया गया। इसके बाद महिला ने सुभाष घाट पर ही खुले आसमान के नीचे बच्ची को जन्म दिया। सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे और जच्चा-बच्चा को मदद उपलब्ध कराई। दोनों के स्वस्थ होने की जानकारी सामने आई है।
मामले में प्रमुख अधीक्षक, एचएमजी जिला चिकित्सालय कार्यालय की ओर से नोवस पैथोलॉजीज प्रा. लि. (NPPL) के निदेशक को आंतरिक जांच के निर्देश दिए गए हैं। अस्पताल के रजिस्टर, ड्यूटी रोस्टर और सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने को कहा गया है। जांच में लापरवाही या उपचार से इनकार की पुष्टि होने पर जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
