समाधि मंदिर मूर्ति स्थापना में VVIP का जमावड़ा, देश के रक्षा मंत्री और सीएम योगी आदित्यनाथ भी पहुंचे हरिद्वार
ब्यूरो
Posted no : 06/02/2026
हरिद्वार।
हरिद्वार में आयोजित हुए तीन दिवसीय समाधि मंदिर मूर्ति स्थापना समारोह में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी शिरकत की। शुक्रवार को समारोह के तीसरे दिन केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर समेत तमाम राजनीतिक हस्तियां और बड़ी संख्या में साधु संत इस समारोह में शामिल हुए। सभी नेताओं ने दिवंगत संत स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी के समाधि स्थल पर स्थापित हुई मूर्ति का अनावरण किया।
मंच से संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने साधु संतों को संस्कृति का संरक्षक बताया और कहा कि राष्ट्र की सीमाओं की रक्षा के साथ सांस्कृतिक रक्षा भी जरूरी है। जिन देशों ने अपनी संस्कृति का संरक्षण नहीं किया उनका विघटन होकर रहा है। अब हमें राष्ट्रवाद से ऊपर उठकर सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की तरह सोचना होगा। दुनिया तेजी से बदल रही है, लेकिन भारतीय संत परंपरा हमे स्थिरता का आभास करती है।
वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि भारत सिर्फ एक भूभाग नहीं है और ना ही भारत किसी सत्ता की देन है बल्कि भारत ऋषि परंपरा की शाश्वत चेतना है। उन्होंने कहा कि जो राष्ट्र अपनी संस्कृति की उपेक्षा करता है वो ना वर्तमान और ना ही भविष्य को सुरक्षित रख पाता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी दिवंगत संत स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी के देश और समाज की सेवा के लिए किए गए कार्यों की सराहना की।
