ट्रेन यात्रियों के मोबाइल चुराकर बैंक खातों से पैसे उड़ाने वाला गिरोह पकड़ा
ब्यूरो
Posted no : 12/02/2026
हरिद्वार।
जीआरपी थाना पुलिस ने ट्रेन के अंदर यात्रियों के फोन चोरी कर उनके यूपीआई और एटीएम से पैसे उड़ाने वाले एक गिरोह को पकड़ा है। गिरोह में दो सदस्य यात्री का मोबाइल चुराते थे और एक शातिर उसका यूपीआई पिन बनाकर बैंक अकाउंट से पैसे निकाल लेता था। जीआरपी को लंबे समय से इस गिरोह की तलाश थी। पुलिस ने आरोपियों के पास से कई मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पकड़े लुटेरों में से दो लोग टिहरी गढ़वाल जिले के जबकि एक यूपी के मुरादाबाद जिले का रहने वाला है। ये गैंग अलग-अलग ट्रेनों में यात्रियों के साथ चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दे चुका है। एसपी जीआरपी अरुणा भारती ने जानकारी दी कि आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया है। जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
