हरिद्वार।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में जिले की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित लगातार प्रयास कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को डीएम ने अपर रोड स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी कक्षाओं में पहुंचे और छात्र-छात्राओं से पाठ्यक्रम से संबंधित सवाल पूछे। उन्होंने बच्चों से गणित के प्रश्न भी हल करवाए, जिनका विद्यार्थियों ने सही उत्तर दिया। बच्चों की शैक्षणिक क्षमता और पढ़ाई के प्रति रुचि देखकर जिलाधिकारी ने उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने शिक्षिकाओं को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक जानकारी भी दी जाए, ताकि वे सीखी गई बातों का दैनिक जीवन में उपयोग कर सकें।
जिलाधिकारी ने विद्यालय भवन की स्थिति का निरीक्षण करते हुए पुराने भवन के स्थान पर नए भवन के निर्माण की आवश्यकता जताई। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद को नए भवन के निर्माण के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय में खेल मैदान की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि खेलकूद से बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित होता है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाना जरूरी है। प्रशासन विद्यालयों में आवश्यक सुविधाएं विकसित करने और शिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
