भाजपा का दावा, गन्ने का समर्थन मूल्य बढ़ने से किसान खुश, जल्द होगा मुख्यमंत्री का आभार कार्यक्रम
ब्यूरो
Posted no : 30/11/2025
हरिद्वार।
प्रदेश में गन्ना खरीद मूल्य बढ़ाए जाने को भाजपा किसान हित में सरकार का बड़ा कदम बता रही है। हरिद्वार में पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद और अन्य भाजपा नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के इस निर्णय से किसान काफी खुश है। राज्य अतिथि गृह डाम कोठी में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे भाजपा नेताओं का कहना है कि लंबे समय से किसानों की गन्ना समर्थन मूल्य बनाए जाने की मांग चली आ रही थी जिस पर मुख्यमंत्री फैसला लेते हुए गन्ने का खरीद मूल्य 405 रुपए प्रति क्विंटल किया है। इससे किसानों की आय में इजाफा होगा। उन्होंने कहा कि किसान इस फैसले से इतना खुश है कि जल्द मुख्यमंत्री और गन्ना मंत्री सौरभ बहुगुणा का एक बड़ा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही है। इस दौरान राज्य मंत्री जयपाल चौहान, राज्य मंत्री संजय सैनी समेत भाजपा के तमाम स्थानीय नेता मौजूद रहे।
