हरिद्वार।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को हरिद्वार स्थित नमामि गंगे घाट पहुंचकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के अंतिम दर्शन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने योगी आदित्यनाथ और उनके परिजनों से भेंट कर गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि माता का स्नेह, आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन जीवन की अमूल्य धरोहर है। उनका निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने बाबा केदार से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने तथा शोक संतप्त परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

नमामि गंगे घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ दिवंगत सावित्री देवी का अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। उनके छोटे पुत्र महेंद्र बिष्ट ने मुखाग्नि दी। इस मौके पर देशभर से पहुंचे जनप्रतिनिधियों, विभिन्न राज्यों के मंत्रियों, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, धार्मिक एवं आध्यात्मिक जगत की विभूतियों और संत-महात्माओं ने अंतिम दर्शन कर पुष्पांजलि अर्पित की और शोक संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

संत समाज की ओर से योगगुरु स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, महंत रविंद्र पुरी, स्वामी चिदानंद सरस्वती, महंत डॉ. रविंद्र पुरी, समेत तमाम संत-महात्माओं ने अंतिम दर्शन कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस मौके पर उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, स्वतंत्र देव सिंह, बृजेश सिंह, के.पी. मलिक, आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, राज्यमंत्री दिनेश खटीक, उत्तर प्रदेश उत्तराखंड के तमाम नेता पुलिस और प्रशासन के कई सीनियर अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed