हरिद्वार।
राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सोमवार को जिला सूचना कार्यालय की ओर से प्रेस क्लब हरिद्वार में पत्रकारिता सनसनी या जिम्मेदारी विषय पर गोष्ठी आयोजित की गई। इसका शुभारंभ जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पत्रकारों ने दीप प्रज्वलित कर किया।

गोष्ठी में डीएम मयूर दीक्षित ने कहा कि डिजिटल और एआई के दौर में पत्रकारिता के सामने विश्वसनीयता बनाए रखना बड़ी चुनौती है। समाचारों की प्राथमिकता उनकी सनसनी या तेजी से नहीं, बल्कि जनहित के आधार पर तय होनी चाहिए। पत्रकारिता का उद्देश्य सबसे पहले खबर देना नहीं, बल्कि सही और प्रमाणिक जानकारी समाज तक पहुंचाना है।

उन्होंने पत्रकारों से समाचार प्रकाशित करने से पहले तथ्यों और स्रोतों की पुष्टि करने तथा सोशल मीडिया और एआई से प्रसारित खबरों एवं तस्वीरों की सत्यता जांचने की अपील की। कहा कि एक भ्रामक सूचना समाज में भ्रम पैदा कर सकती है। पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है। आगामी चुनावों के मद्देनजर उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्षता और पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्व निभाने का आह्वान किया।

इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार विजेंद्र हर्ष, सुनील दत्त पांडे, आदेश त्यागी, रजनीकांत शुक्ला, राजकुमार और गुलशन नैयर ने भी विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने किया। जिला सूचना अधिकारी रतीलाल शाह ने सभी अतिथियों एवं पत्रकारों का आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *