हरिद्वार।
पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती एवं बाल दिवस के मौके पर हरिद्वार स्थित जवाहरलाल नेहरू राष्ट्रीय युवा केंद्र में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में एक दर्जन से अधिक स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस दौरान बच्चों ने अपनी रचनात्मकता और कल्पनाशीलता को रंगों के माध्यम से कागज पर उकेरा।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पंडित जवाहरलाल नेहरू, स्वच्छ भारत अभियान और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सहित विभिन्न विषयों पर आकर्षक चित्र बनाए। बच्चों की कलाकृतियों में देशप्रेम, सामाजिक जागरूकता और आधुनिक तकनीक के प्रति उनकी समझ देखने को मिली।

संस्था के अध्यक्ष पदम प्रकाश शर्मा ने बताया कि केंद्र का मुख्य उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय चेतना जागृत करने के साथ उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में कुशल बनाना है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर रचनात्मक और जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

प्रतियोगिता में शामिल छात्र-छात्राओं ने कहा कि उन्हें शिक्षकों के माध्यम से इस आयोजन की जानकारी मिली थी। ऐसे मंच पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर पाकर वे काफी उत्साहित हैं। विद्यार्थियों का मानना है कि इस तरह के आयोजन बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उनमें देशप्रेम और राष्ट्रवाद की भावना को भी मजबूत करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *