हरिद्वार।
दीपावली पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने गुरुवार को नगर निगम क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान सचल खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला (मोबाइल टेस्टिंग लैब) के माध्यम से विभिन्न मिठाई की दुकानों, बेकरी, डेयरी और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर मौके पर ही जांच की गई।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विनय शंकर पांडेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी और उपायुक्त प्रयोगशाला बीरेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। ऋषिकुल, गोविंदपुरी, रानीपुर मोड़ और प्रेमनगर आश्रम क्षेत्र में कुल 81 नमूनों की जांच की गई, जिनमें 11 नमूने अधोमानक पाए गए। संबंधित प्रतिष्ठानों से अधोमानक खाद्य सामग्री तत्काल हटवा दी गई।
