हरिद्वार।
दीपावली पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने गुरुवार को धनपुरा, पदार्था और सुल्तानपुर क्षेत्र में मिठाई निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान पांच इकाइयों की जांच की गई और मिठाइयों के आठ नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा महिमानंद जोशी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में बताशा, गुलाब जामुन, मिल्क केक, मावा बर्फी, सफेद रसगुल्ला और डोडा बर्फी के नमूने लिए गए। टीम ने धनपुरा स्थित गुप्ता मिष्ठान भंडार और मुस्कान फूड प्रोडक्ट्स को खाद्य लाइसेंस में सही फूड कैटेगरी शामिल करने तथा मिठाई के डिब्बों पर निर्माण और एक्सपायरी तिथि अंकित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान गंदगी और मशीनों की सफाई में लापरवाही मिलने पर एक बताशा निर्माण इकाई को नोटिस जारी किया गया। संचालक को एक दिन में कमियां दूर करने के बाद ही उत्पादन और बिक्री करने के निर्देश दिए गए। विभागीय अधिकारियों ने दीपावली तक मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *